हॉकी चंडीगढ़ ने मनाया भारतीय हॉकी का शताब्दी वर्ष गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
punjabkesari.in Friday, Nov 07, 2025 - 04:22 PM (IST)
चंडीगढ़, 7 नवंबर — भारतीय हॉकी के 100 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हॉकी चंडीगढ़ की ओर से सेक्टर-42 स्थित हॉकी स्टेडियम में भारतीय हॉकी शताब्दी समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव श्री एच. राजेश प्रसाद ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाई।

हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करण गिल्होत्रा ने कहा कि “हॉकी भारत की गौरवशाली धरोहर है। 1925 में राष्ट्रीय हॉकी संस्था के गठन से शुरू हुई यह यात्रा आज 100 वर्ष पूरे कर रही है। यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि चंडीगढ़ इस ऐतिहासिक समारोह की मेजबानी कर रहा है। हमारा उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय हॉकी की स्वर्णिम विरासत से जोड़ना है।”

उपाध्यक्ष अनिल वोहरा ने बताया कि इस अवसर पर तीन प्रदर्शनी मैच खेले गए — लड़कों के जूनियर व सीनियर वर्ग के बीच और लड़कियों का एक विशेष मुकाबला आयोजित किया गया।

समारोह में ओलिंपियन रुपिंदर पाल सिंह, गुरजंट सिंह, धर्मवीर सिंह के साथ भारत की मौजूदा टीम के खिलाड़ी संजय, मनिंदर सिंह और विक्रमजीत सिंह, तथा जूनियर टीम के कप्तान रोहित के परिजन भी मौजूद रहे।

इस मौके पर हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करण गिल्होत्रा ने चंडीगढ़ स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट, नगर निगम और अन्य विभागों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “यह सभी दिग्गज खिलाड़ी हमारे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके अनुभव और समर्पण से नई पीढ़ी बहुत कुछ सीख सकती है।”

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि “चंडीगढ़ ने भारतीय हॉकी को अनेक ओलंपिक खिलाड़ी दिए हैं। यहां की प्रतिभा, समर्पण और खेल भावना वाकई प्रेरणादायक है। मुझे विश्वास है कि चंडीगढ़ आगे भी भारतीय हॉकी में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।”
